बसन्तकुंज योजना में सृजित किये जाएंगे नये व्यावसायिक व आवासीय भूखण्ड: प्रथमेश कुमार
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया बसन्तकुंज योजना का निरीक्षण

मैंगो पार्क के पास अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न करने पर सहायक अभियंता के निलंबन की संस्तुति
कार्य में लापरवाही पर 02 सुपरवाइजर निलंबित, फ्लड पम्प स्टेशन बना रहे ठेकेदार पर 05 लाख का जुर्माना
लखनऊ विकास प्राधिकरण की बसन्तकुंज योजना में नये व्यावसायिक व आवासीय भूखण्ड सृजित किये जाएंगे। इसके लिए ग्रीन बेल्ट व आबादी के पास रिक्त पड़ी अनियोजित भूमि को नियोजित किया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बसन्तकुंज योजना का निरीक्षण करके इस बाबत निर्देश जारी किये हैं। साथ ही योजना में प्रचलित विकास, सौंदर्यीकरण व सुविधाओं के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं।

बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-आई में मैंगो पार्क के पास नजूल भूमि खसरा संख्या-591 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके भवन का निर्माण कराया गया है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने इसके सम्बंध में जवाब तलब किया तो पता चला कि प्रवर्तन टीम के स्तर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी है। इस पर उपाध्यक्ष ने कार्य में लापरवाही के उत्तरदायी सहायक अभियंता के खिलाफ निलंबन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। इसके अलावा अभियंत्रण जोन-7 में प्रचलित विकास कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि क्षेत्रीय सुपरवाइजर जगरूप यादव व सूरज कुमार द्वारा कार्य में लगातार लारवाही बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान भी दोनों सुपरवाइजर अनुपस्थित थे। इस पर उपाध्यक्ष ने दोनों सुपरवाइजर को निलम्बित करने के आदेश दिये हैं।

ठेकेदार पर 05 लाख का जुर्माना
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां जल निकासी के लिए प्रेरणा स्थल के पास निर्मित किये जा रहे फ्लड पम्पिंग स्टेशन के कार्य की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था मेसर्स एकमे पम्पस एण्ड पॉवर प्रोजेक्ट प्रा0लि0 पर 05 लाख रूपये का जुर्माना लगाया है।

सेक्टर-ए में कराया जाएगा सर्वे
उपाध्यक्ष ने बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-जे, के, आई एवं ओ का निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि कुछ जगहों पर ग्रीन बेल्ट व आबादी के पास रिक्त पड़ी अर्जित भूमि अभी भी अनियोजित है। उपाध्यक्ष ने ऐसी सभी भूमि को नियोजित करके नये आवासीय व व्यावसायिक भूखण्ड सृजित करने के निर्देश दिये। साथ ही सेक्टर-ए में सर्वे का कार्य दो सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

संवरेंगे पार्क, सड़कों की होगी मरम्मत
उपाध्यक्ष ने हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क और योजना में विकसित किये जा रहे आयुर्वेदा पार्क व मैंगो पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्कों में चल रहे विकास, सौंदर्यीकरण व हॉर्टीकल्चर के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही बरसात में खराब हुयी सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कराने के लिए कहा।

अवैध निर्माण पर चलेगा अभियान
उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पूरी योजना में निर्मित व निर्माणाधीन भवनों का सर्वे कराया जाए और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन कुमार शिवहरे, जोनल अधिकारी माधवेश कुमार, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं नीरज कुमार, तहसीलदार हेमचन्द्र तिवारी समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।








