गोमती नगर विस्तार के आर0डब्ल्यू0ए0 की समस्याओं का निस्तारण करेगा एलडीए
बी0के0टी0 विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेश शुक्ला ने गोमती नगर विस्तार के आर0डब्ल्यू0ए के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

- साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए पुलिस व नगर निगम के अफसरों को दिये जाएंगे निर्देश
बी0के0टी0 विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेश शुक्ला ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के अर्थ सभागार में गोमती नगर विस्तार स्थित एलडीए अपार्टमेंट्स के आर0डब्ल्यू0ए0 पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को सुना और इनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में एलडीए के अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी, जोनल अधिकारी संगीता राघव, उप सचिव माधवेश कुमार व अधिशासी अभियंता अशोक कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ जगहों पर लिफ्ट पुरानी हो गयी है, जिससे इनके सुचारू संचालन में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा विभिन्न सोसाइटी में कुछ अध्यासियों द्वारा अनुरक्षण शुल्क जमा नहीं किया जा रहा है, जिससे सभी को परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर माननीय विधायक ने प्राधिकरण के अधिकारियों को हस्तक्षेप करके व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये।
इस क्रम में कुछ जगह के आर0डब्ल्यू0ए0 के पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि प्राधिकरण ने अभी तक कॉपर्स फंड की पूर्ण धनराशि हैंडओवर नहीं की है, जिस पर विधायक ने कॉपर्स फंड की शेष धनराशि जल्द से जल्द आर0डब्ल्यू0ए0 के बैंक खातों में ट्रांसफर करने के निर्देश दिये। बैठक में लोगों ने गोमती नगर विस्तार में एक क्लब हाउस का निर्माण कराने की भी मांग की।
- इसके अलावा अधिकांश लोगों ने नियमित रूप से साफ-सफाई न होने व सुरक्षा व्यवस्था के सम्बंध में शिकायत दर्ज करायी। इस पर माननीय विधायक ने पुलिस व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिये।