चिनहट, गोसाईंगंज और पारा में 06 अवैध प्लाटिंग पर गरजा एलडीए का बुलडोजर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1, जोन-3 एवं जोन-5 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज, चिनहट व पारा क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही 06 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि पिंटू प्रधान व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के ग्राम-कोडियानी में लगभग 16 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह अरविंद, दीपक, अमित व बउआ द्वारा गोसाईंगंज के ग्राम-मलौली में लगभग 04 बीघा और अर्थव अली, मेजरा, राजेश गुप्ता, विकास पाण्डेय द्वारा ग्राम-सराय करोरा में लगभग 06 बीघा और आशुतोष सिंह, दीपू वर्मा द्वारा ग्राम-चांद सराय में प्राइमरी स्कूल के सामने लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इन चारों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि राजबाबू रस्तोगी व अन्य द्वारा पारा के ग्राम-सरोसा भरोसा में लगभग 06 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि सलमान खान व अन्य द्वारा चिनहट में अयोध्या रोड स्थित ग्राम-अनौरा कला में लगभग 10,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग को अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage