कानपुर देहात के रसूलाबाद में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति से सराबोर रहा माहौल

कानपुर देहात, रसूलाबाद (वार्ड 79), 15 अगस्त –स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर रसूलाबाद में चारों ओर देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। कस्बे के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, थाना परिसर, अस्पताल, स्कूल और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

चिकित्सा अधीक्षक ने की मानवता की अपील

रसूलाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में अस्पताल को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाने की अपील करते हुए कर्मचारियों से मरीजों के प्रति इंसानियत और सेवा भाव से पेश आने का आग्रह किया। इस दौरान सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।

लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान

तहसील सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार संतोष कुमार और उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार भी उपस्थित रहे।

थाना परिसर में परेड और शपथ

रसूलाबाद थाना परिसर में थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों, होमगार्ड्स और उपस्थित स्टाफ को देश सेवा, बलिदान और इंसानियत के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई।

नगर पंचायत का भव्य आयोजन

नगर पंचायत परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष देवशरण कमल, वरिष्ठ लिपिक अमित कुमार, अधिशासी अधिकारी कमल सिंह सहित भारी संख्या में नगरवासी एकत्र हुए। ध्वजारोहण के पश्चात मिष्ठान वितरण किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी अनिल राठौर (बड़े सभासद), अंकुर सिंह भदौरिया, शिवकुमार प्रजापति, लाखन सिंह राठौर, विनोद कुमार गुप्ता, कमल सिंह, बलराम शंखवार, मोनू यादव, गुड्डू सिंह राजावत, राजू राठौर आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गली-गली में तिरंगे, बच्चों की प्रस्तुतियाँ

नगर के चौराहों, गलियों, मोहल्लों में नागरिकों ने तिरंगा फहराया, बैंड-बाजों के साथ झंडा यात्रा निकाली और राष्ट्रगान गाया। विभिन्न विद्यालयों में देशभक्ति गीत, नाट्य प्रस्तुति, और कृत लीला जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एकजुटता और देशप्रेम का संदेश

स्वतंत्रता दिवस पर रसूलाबाद में उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि आज भी नागरिकों में देश के प्रति अटूट प्रेम और एकता की भावना जीवित है। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत स्टाफ और स्थानीय प्रशासन की सराहना की गई।

Back to top button
btnimage