गोसाईंगंज में रामेश्वरम सिटी समेत 04 अवैध प्लाटिंग पर चला एलडीए का बुलडोजर
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने गोसाईंगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान रामेश्वरम सिटी समेत चार अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि आदर्श मिश्रा, मुकेश व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के खुजौली में स्कॉलर एकेडमी स्कूल के पास लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी तरह अभिषेक सिंह द्वारा न्यू जेल रोड पर खुजौली मंडी के पीछे लगभग 02 बीघा तथा श्रवण यादव द्वारा खुजौली में सिंह मैरिज लॉन के पीछे लगभग 06 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अलावा विकास जायसवाल व रामेश्वर द्वारा गोसाईंगंज के सोनई कजेहरा के रामबक्शखेड़ा में माइनर के किनारे लगभग 16 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य करते हुए रामेश्वरम सिटी नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।








