एलडीए: गुड़म्बा, चिनहट, सैरपुर, दुबग्गा व काकोरी में 15 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3, जोन-4, जोन-5 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान सैरपुर, गुड़म्बा, चिनहट, दुबग्गा व काकोरी क्षेत्र में की जा रही 15 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि काकोरी के ग्राम-मौंदा में नहरिया रोड व आउटर रिंग रोड के पास चल रही 04 अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गयी। इसमें नागेन्द्र कुमार की 05 बीघा, मोहम्मद वसी की 1.5 बीघा, मेवालाल की 03 बीघा व अगम सिंह व अन्य द्वारा 05 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही चार अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, बिजली के खम्भों आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि राजेश रावत, राज किशोर चौबे, बलराम रावत व अन्य द्वारा सैरपुर के घुवैला कमलाबाद में 02-02 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह नौमीलाल, चौबे प्रॉपर्टीज व अन्य द्वारा सैरपुर के कमलाबाद मेें रैथा रोड पर लगभग 02 बीघा तथा लल्लू प्रसाद द्वारा कमलाबाद बढ़ौली में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि शाहीद व अन्य द्वारा गुड़म्बा के ग्राम-पलका में सिटी ग्लोबल स्कूल के पास लगभग 7,500 वर्गमीटर तथा शाहिल द्वारा लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। इसी तरह दाऊद खान द्वारा गुड़म्बा के ग्र्राम-सीवां में लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल तथा सूर्या इन्क्लेव ग्रुप द्वारा चिनहट के नौबस्ता कलां में लगभग 20,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि दुबग्गा के ग्राम-कुसमोरा हलुआपुर में राहुल रावत द्वारा 10,000 वर्गमीटर तथा बलराम यादव व अन्य द्वारा लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह सुशील कुमार शर्मा व पंकज अवस्थी द्वारा लगभग 7,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage