एलडीए की बड़ी कार्रवाई, 09 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 04 व्यावसायिक निर्माण सील
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2, जोन-3, जोन-4 एवं जोन-5 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान गोसाईंगंज, काकोरी व बी0के0टी0 में 09 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गयीं। इसके अलावा अलीगंज, कृष्णानगर, आशियाना व बिजनौर में 04 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि राम तीरथ व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के सोनई कजेहरा में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा बिजनौर में शहीद पथ के किनारे 250 वर्गमीटर, आशियाना के सेक्टर-आई में 200 वर्गमीटर व कृष्णानगर की रामगढ़ कालोनी में 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर अवैध रूप से किये जा रहे 03 व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि अग्रिमा इन्क्लेव, रमेश, किशन कुमार व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-मौंदा में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 16 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि राकेश कुमार जायसवाल द्वारा अलीगंज के सेक्टर-डी में भूखण्ड संख्या-3/20 पर लगभग 216 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण करवाया जा रहा था। मानकों के विपरीत किये जा रहे उक्त निर्माण कार्य को पुनः सील कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि बी0के0टी0 के भैसामऊ के सोनवा में मोहम्मद शोएब द्वारा लगभग 2,500 वर्गमीटर तथा जगदीश द्वारा 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी तरह दिलीप कुमार द्वारा ग्राम-अस्ती में 12,000 वर्गमीटर तथा अरार द्वारा ग्राम-अचरामऊ में आउटर रिंग रोड के पास 6,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग करायी जा रही थी।
इसके अलावा अशोक कुमार द्वारा बी0के0टी0 में मां चंद्रिका मांटेसरी स्कूल के पास 10,000 वर्गमीटर में प्लाटिंग की जा रही थी। इन पांचों अवैध प्लाटिंग को अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।








