एलडीए : मोहनलालगंज में अवैध प्लाटिंग तोड़ी, काकोरी में 02 अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन टीम ने मोहनलालगंज व काकोरी क्षेत्र में कार्यवाही की। इस दौरान एक अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि 02 अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि राजीव सिंह व अन्य द्वारा मोहनलालगंज के हरकंशगढ़ी में अल्ट्राटेक आर0एस0सी0 प्लांट के पास लगभग 07 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अंजनी नगर सोसाइटी नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान डेवलपर द्वार स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल, साइट ऑफिस आदि को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि राजेश कुमार व अन्य द्वारा काकोरी के नरौना में नहर के किनारे लगभग 2000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर निर्माण काय्र करवाया जा रहा था। इसी तरह ओमप्रकाश, राम विलास व कमलेश द्वारा काकोरी में नारायणपुर रोड पर लालनगर के सामने लगभग 1800 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक काॅम्पलेक्स का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन दोनों अवैध निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा उक्त दोनों भवनों को सील कर दिया गया।








