एलडीए ने कैसरबाग में अवैध रूप से बनाये जा रहे 2 अपार्टमेंट को किया सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने कैसरबाग क्षेत्र में दो निर्माणाधीन अपार्टमेंट सील किये।
प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी शशिभूषण पाठक ने बताया कि जिशान व अन्य द्वारा कैसरबाग के नजरबाग में भूखण्ड संख्या-22 पर लगभग 90 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पांच मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा कमर, जिशान व अन्य द्वारा कैसरबाग के फूलबाग में भूखण्ड संख्या-105/254 पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पांच मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन दोनोें अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता सतीश यादव के नेतृत्व में अवर अभियंता राकेश कुमार व एस0के0 दीक्षित द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से दोनों भवनों को सील कर दिया गया।








