यू0पी0 दर्शन पार्क और अम्बेडकर स्मारक में पर्यटकों के लिए बनवायी जाएगी मैकेनिकल पार्किंग : प्रथमेश कुमार

पत्रकारपुरम में चल रही अवैध पार्किंग को एलडीए उपाध्यक्ष ने करवाया बंद, अब साइट प्लान तैयार कराकर संचालित करायी जाएगी वैध पार्किंग

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया गोमती नगर क्षेत्र का निरीक्षण, कम्यूनिटी सेंटर व लाइब्रेरी के निर्माण में तेजी लाने के दिये निर्देश
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पत्रकारपुरम में सब्जी मण्डी के पास एलडीए के भूखण्ड पर चल रही अवैध पार्किंग को उपाध्यक्ष ने बंद करवाया। अब प्राधिकरण यहां का साइट प्लान तैयार कराकर पार्किंग संचालित कराएगा, जिसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इसके अलावा यू0पी0 दर्शन पार्क व डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में आने वाले पर्यटकों की सहूलियत के लिए मैकेनिकल पार्किंग बनवायी जाएगी।
प्रभारी मुख्य अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय ने सर्वप्रथम विवेक खण्ड-1 स्थित कम्यूनिटी सेंटर का निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित निर्माण कार्य के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि साॅइल टेस्टिंग का कार्य कराते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। इस क्रम में  उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण द्वारा विनीत खण्ड में निर्मित की जा रही लाइब्रेरी के भवन का निरीक्षण किया। जिसमें उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि 15 दिन के अंदर समस्त निर्माण व फिनिशिंग का कार्य पूर्ण करा लिया जाए। इसके बाद उपाध्यक्ष ने पत्रकारपुरम, विकासखण्ड-1 का निरीक्षण किया, जहां फोर्ड अस्पताल के पास प्राधिकरण के 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बाहरी लोगों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग संचालित की जा रही थी। उपाध्यक्ष द्वारा सवाल पूछे जाने पर पार्किंग के कर्मचारी भाग खड़े हुए।
उपाध्यक्ष ने तत्काल पार्किंग को खाली करवाकर गेट पर ताला लगवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्थल का साइट प्लान तैयार कराकर यहां 150 दोपहिया व 100 चार पहिया वाहनों हेतु पार्किंग का संचालन कराया जाए, जिसके लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कराकर टेंडर जारी कराया जाए। उन्होंने कहा कि आसपास स्कूल, अस्पताल व मार्केट होने से क्षेत्र में ट्रैफिक का काफी लोड रहता है। वैध रूप से पार्किंग संचालित होने से लोग अपने वाहन आसानी से खड़े कर सकेंगे और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
इसी तरह यू0पी0 दर्शन पार्क व अम्बेडकर स्मारक में काफी बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए आते हैं। यहां पार्किंग की कमी के चलते लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि लोगों की सुविधा को ध्यान मेें रखते हुए यहां मैकेनिकल पार्किंग का निर्माण कराया जाए। जिसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सेल के माध्यम से डी0पी0आर0 तैयार कराकर टेंडर आमंत्रित किया जाए। इस मौके पर जोनल अधिकारी जोन-1 देवांश त्रिवेदी व अधिशासी अभियंता जोन-1 अजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage