बी0के0टी0 में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, गोमती नगर व चिनहट में 09 व्यावसायिक निर्माण सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-5 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग व निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्यवाही की। इस दौरान बख्शी का तालाब के ग्राम-भैंसामऊ में लगभग 08 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। इसके अलावा गोमती नगर और चिनहट क्षेत्र में कुल 09 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि मोहम्मद अख्तर, मोनू सिंह व अन्य द्वारा बी0के0टी0 के ग्राम-भैंसामऊ में आर0आर0 काॅलेज के सामने लगभग 08 बीघा क्षेत्र में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अनियोजित कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी, शिव कुंवर व सरोज कुमार द्वारा पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान विकासकर्ता द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल व भूखण्डों के डिमार्केशन के लिए ईंटों से किये गये चिनाई आदि के कार्य को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अनवर अंसारी द्वारा चिनहट में सतरिख रोड पर हंस विहार कालोनी में लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, सियाराम जायसवाल द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 में लगभग 115.50 वर्गमीटर क्षेत्रफल व अर्चना पाण्डेय द्वारा 115.50 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। राजन गुप्ता द्वारा गोमती नगर के विशाल खण्ड में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर दुकान, शोरूम आदि का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह एम0बी0 सिंह द्वारा गोमती नगर के विराम खण्ड में लगभग 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल व मीना गुप्ता द्वारा लगभग 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा आलोक श्रीवास्तव द्वारा गोमती नगर के विनय खण्ड में 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड और हरिराम द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
वहीं, पी0एन0 दुबे द्वारा चिनहट में सतरिख रोड स्थित आनंद विहार कालोनी में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। अवैध रूप से किये जा रहे इन निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय भाटी, आशीष श्रीवास्तव व एस0के0 दीक्षित द्वारा पुलिस बल के सहयोग से उक्त निर्माण कार्यों को सील कर दिया गया।








