होटल व रेस्त्रां मालिकों ने एलडीए के व्यावसायिक भूखण्डों में दिखायी दिलचस्पी

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निजी विकासकर्ताओं समेत अन्य निवेशकों के साथ की बैठक

प्राधिकरण द्वारा ई-ऑक्शन में लगाये गये व्यावसायिक भूखण्डों का दिया गया विवरण, निवेशकों की समस्याओं का किया गया निस्तारण

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को प्राधिकरण की व्यावसायिक सम्पत्तियों के निस्तारण के सम्बंध में निजी विकासकर्ताओं समेत अन्य निवेशकों के साथ बैठक की। इस दौरान होटल व रेस्त्रां क्षेत्र के निवेशकों ने गोमती नगर विस्तार, सी0बी0डी0 योजना के अंतर्गत फाइन डाइन स्ट्रीट के भूखण्डों में दिलचस्पी दिखाते हुए जानकारी प्राप्त की।

उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने निवेशकों को बताया कि इकाना क्रिकेट स्टेडियम व पलासियो मॉल के पास विकसित की गयी फाइन डाइन स्ट्रीट में 1200 से 2766 वर्गमीटर क्षेत्रफल के कुल 14 भूखण्ड उपलब्ध हैं। इन भूखण्डों की आरक्षित दर 86,250 रूपये से लेकर 95,000 रूपये प्रति वर्गमीटर है। उन्होंने बताया कि यहां निर्माण के लिए 3.00 का एफ0ए0आर0 मिलेगा। साथ ही किसी भी एक तल पर रेस्त्रां की अनुमन्यता के साथ अन्य तलों पर नियमानुसार व्यावसायिक उपयोग की छूट रहेगी। इस क्रम में उपाध्यक्ष द्वारा ई-ऑक्शन में लगाये गये अन्य व्यावसायिक भूखण्डों का भी विवरण दिया गया। उन्होंने कहा कि ई-ऑक्शन में बोली लगाने वाले निवेशकों को भूखण्डों पर निर्माण कराने के लिए मानचित्र आदि स्वीकृत कराने में किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी और उनका कार्य सिंगल विन्डो सिस्टम के तहत शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा।

निवेशकों की समस्या का त्वरित निस्तारण
इस दौरान उपाध्यक्ष ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के अंतर्गत निवेश का प्रस्ताव देने वाले निजी विकासकर्ताओं से भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि निवेशकों को अपने प्रोजेक्ट शुरू करने में किसी भी विभाग से एन0ओ0सी0 आदि की कोई अड़चन आ रही है तो प्राधिकरण द्वारा सम्बंधित विभाग से समन्वय स्थापित करके समस्या का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व निवेशक गण उपस्थित रहे।

मॉल, स्कूल, नर्सिंग होम व मिश्रित भू-उपयोग के भी भूखण्ड
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण ने इस बार ई-ऑक्शन में विभिन्न तरह के व्यावसायिक भूखण्ड लगाये हैं। इसमें शॉपिंग मॉल, ग्रुप हाउसिंग, होटल, नर्सिंग होम, स्कूल, पेट्रोल पम्प/सी0एन0जी0 फिलिंग स्टेशन, सिटी क्लब, फैसेल्टीज, लोकल शॉप व मिश्रित भू-उपयोग आदि के भूखण्ड शामिल हैं। इसके अलावा गोमती नगर विस्तार योजना में स्थित ग्रीनवुड, कावेरी, अलकनंदा व वनस्थली के फ्लैट्स भी ई-ऑक्शन के माध्यम से खरीदे जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage