एलडीए के विशेष निबंधन शिविर में उमड़ी भीड़, 107 आवंटियों ने करायी रजिस्ट्री

- लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर आवंटियों से समन्वय बनाकर करायी जा रही रजिस्ट्री
लखनऊ विकास प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों की रजिस्ट्री के लिए लगाये गये विशेष निबंधन शिविर में सोमवार को भी भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान 107 आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री की कार्यवाही की गयी, जबकि रजिस्ट्री के लिए 05 नये प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
अपर सचिव ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। इनमें काफी संख्या में सम्पत्तियों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पायी है। इसे ध्यान में रखते हुए आवंटियों की सहूलियत के लिए 05.12.2023 से 20.12.2023 तक प्राधिकरण भवन के बारादरी लॉन में विशेष निबंधन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को कैम्प में प्राधिकरण के गणना, लेखा, नियोजन व सम्पत्ति अनुभाग के समस्त सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ निबंधन विभाग की टीम भी मौजूद रही। इससे सम्पत्तियों के निबंधन सम्बंधी दस्तावेज तैयार करने तथा उनके पंजीयन की कार्यवाही एक ही जगह सम्पादित की गयी। दिन भर चली कार्यवाही के दौरान 107 आवंटियों की रजिस्ट्री की गयी। जिसमें विभिन्न अपार्टमेंट्स के फ्लैट, प्रधानमंत्री आवास, बसन्तकुंज, कानपुर रोड, शारदा नगर व गोमती नगर विस्तार समेत अन्य योजनाओं की सम्पत्तियां शामिल हैं।
अपर सचिव ने बताया कि उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशानुसार आवंटियों से समन्वय बनाकर रजिस्ट्री की कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में आवंटियों को रजिस्ट्री कराने के सम्बंध में सूचना भी भेजी जा रही है।
शिविर में विशेष कार्याधिकारी डी0के0 सिंह, राजीव कुमार, प्रिया सिंह, देवांश त्रिवेदी, रविनंदन सिंह, रोहित सिंह, उप सचिव माधवेश कुमार एवं अतुल कृष्ण समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।








