जनेश्वर मिश्र पार्क के वॉटर स्क्रीन पर दिखेगी यूपी के इतिहास और विकास की कहानी

- लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ रोशन जैकब ने प्राधिकरण व स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
- कैसरबाग रोटरी के सौंदर्यीकरण व इमारतों को एकरूपता देने के सम्बंध में जनता से लिये जाएंगे सुझाव
- हेरिटेज जोन में पत्थरों की मरम्मत व ड्रेनेज सम्बंधी कार्यों की सही जानकारी न देने पर सहायक अभियंता को चेतावनी नोटिस
उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और विकास की कहानी जल्द ही जनेश्वर मिश्र पार्क की वॉटर स्क्रीन पर दिखेगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त डॉ रोशन जैकब ने शनिवार को प्राधिकरण व स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेषज्ञों के सहयोग से स्क्रिप्ट तैयार कराके किसी उत्कृष्ट कलाकार की आवाज में 20 मिनट की फिल्म बनवायी जाए। यह फिल्म स्वयं व्याख्यात्मक होगी, जिसमें यूपी खुद अपनी कहानी कहेगा।
वहीं, कैसरबाग रोटरी के सौंदर्यीकरण व फसाड इम्प्रूवमेंट के कार्यों के सम्बंध में मण्डलायुक्त ने कहा कि शहर के इतिहासकारों, आर्किटेक्ट्स व स्थानीय निवासियों के साथ बैठक करके एक गाइड लाइन तैयार करा ली जाए। जिसे वेबसाइट पर जारी करके शहर वासियों के सुझाव व आपत्ति आमंत्रित कर लिये जाएं, जिससे कि कैसरबाग हेरिटेज क्षेत्र की इमारतों को एकरूपता के साथ संवारा जा सके। इस मौके पर उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा अवगत कराया गया कि कैसरबाग चौराहे पर सभी होर्डिंग्स व साइनेज आदि हटवा दिये गये हैं तथा सौंदर्यीकरण व फसाड इम्प्रूवमेंट के कार्य को पांच ब्लॉक में विभाजित करते हुए स्थल पर कार्य शुरू करवा दिया गया है। मण्डलायुक्त ने कहा कि पी0डब्ल्यू0डी व विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता करके कैसरबाग चौराहे पर बिजली के तारों को भूमिगत कराने का काम भी करा लिया जाए। इसके अतिरिक्त दर्शन विलास, गुलिस्तां-ए-इरम व लाल बारादरी के वाह्य विकास के कार्यों में सम्बंध में अवगत कराया गया कि स्वास्थ्य विभाग के अस्थायी निर्माण, पार्किंग व निष्प्रयोज्य सामाग्री की डम्पिंग की वजह से कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर मण्डलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिये।
बैठक में अधिकारियों द्वारा हेरिटेज जोन में किये जा रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी। इस दौरान पत्थरों की मरम्मत व ड्रेनेज सम्बंधी कार्य का सही विवरण न देने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सम्बंधित सहायक अभियंता को चेतावनी नोटिस देने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने यू0पी0 दर्शन, हैप्पीनेस व फ्रैगरेंस पार्क के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। अवगत कराया गया कि हेरिटेज इमारतों में फसाड लाइटिंग का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। वहीं, ए0एस0आई की अनुमति न मिलने से सआदत अली मकबरा व रूमी गेट पर फसाड लाइट का कार्य रूका है। इस पर उन्होंने ए0एस0आई के अधिकारियों से बात करके एन0ओ0सी जारी करने के निर्देश दिये।
मण्डलायुक्त ने कहा कि हेरिटेज जोन में किये जा रहे सौंदर्यीकरण व विकास के कार्यों में विशेष सावधानी बरती जाए और कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए। बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी, सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता ए0के0 सिंह, अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला, संजीव कुमार गुप्ता, अजीत कुमार व पी0आई0यू0 के प्रभारी ए0के0 सिंह सेंगर समेत कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








