एलडीए वीसी ने हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में बनाये जा रहे 2256 प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने 24 फरवरी 2023 को हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में बनाये जा रहे 2256 प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को योजना में अवशेष कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ 15 मार्च तक पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया।

निरीक्षण में पाया गया कि आवासों का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और विकास से सम्बंधित कार्य क्रमशः नाली, सीवर व रोड आदि का कुछ कार्य शेष है। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित ठेकेदारों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर आपस में तालमेल बनाते हुए कार्य को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सम्बंधित अवर अभियंता प्रत्येक दिवस कार्यों की माॅनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करें।
निरीक्षण में उपाध्यक्ष ने देखा कि सभी ब्लाॅकों में की गयी पुताई के रंग में कुछ भिन्नता है, जिस पर उन्होंने सभी ब्लाॅकों के कलर में एकरूपता लाने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि समस्त विकास कार्य पूर्ण करने के बाद योजना में पैटर्न के आधार पर वृक्षारोपण कराया जाए तथा सी0जी0 सिटी से ट्री गार्डों को लाकर यहां लगाया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न होने की दशा में सम्बंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने ग्रीन काॅरिडोर प्रोजेक्ट के फेज-1 तथा राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिये।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








