#LDA : गोमतीनगर और जानकीपुरम विस्तार में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर से अवैध कब्जों/अतिक्रमण को हटाने के सम्बंध में दिये गये निर्देशों के क्रम में सोमवार को गोमतीनगर और जानकीपुरम विस्तार में अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाये गये।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमती नगर के विजयन्त खण्ड में प्राधिकरण की लगभग 2100 वर्गमीटर जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके झुग्गी-झोपड़ी बनाकर निवास तथा व्यवसाय किया जा रहा था। जिसे अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला, सहायक अभियंता राकेश प्रताप, अवर अभियंता ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव एवं प्रवर्तन जोन-1 के अवर अभियंता इम्तियाज अहमद द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल तथा विभूतिखण्ड थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया।

इसके अतिरिकत जानकीपुरम विस्तार में सेक्टर-1 एवं 2 के सामने भिठौली क्रासिंग से लेकर यूनिवर्सिटी तक ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा झुग्गी-झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जे किये गये थे। इसमें दर्जनों की संख्या में पटरा-बल्ली की दुकानें तथा कबाड़ कारोबारियों के भी अवैध कब्जे थे। जिसे प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी एवं अभियंत्रण जोन-5 के अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा के नेतृत्व में अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव तथा विपिन बिहारी राय द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल तथा स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से खाली कराया गया।
अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि कार्यवाही के दौरान 100 से अधिक अवैध कब्जे हटाये गये। इस दौरान वन विभाग, नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।








