#LDA उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने राईटर कंपनी के प्रतिनिधियों को लगायी फटकार

उपाध्यक्ष ने रिकाॅर्ड अनुभाग के सुदृ़ढ़ीकरण को लेकर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश, गोमती नगर व लालबाग कार्यालय के रिकाॅर्ड सेक्शन में अलग-अलग अनुभाग अधिकारी की होगी तैनाती
राईटर कंपनी के कर्मचारियों की उपस्थिति में रिकाॅर्ड रूम में फाइलों को किया जाएगा संरक्षित, योजनावार फाइलों के रंगीन बस्ते बनाते हुए तैयार किया जाएगा मास्टर रजिस्टर
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सम्पत्ति, रिकाॅर्ड, नजूल एवं अन्य सम्बंधित योजनाओं के सम्बंध में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उपाध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित राईटर कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए दो दिन में समस्त फाइलों का पावती सहित ब्योरा प्रस्तुत करने को कहा है। उपाध्यक्ष ने रिकाॅर्ड अनुभाग के सुदृ़ढ़ीकरण के सम्बंध में भी आवश्यक निर्देश दिये, जिसके तहत अब गोमती नगर और लालबाग स्थित रिकाॅर्ड सेक्शन में अलग-अलग अनुभाग अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, साथ ही योजनावार फाइलों के रंगीन बस्ते बनाते हुए सभी के मास्टर रजिस्टर तैयार किये जाएंगे।
बैठक में राईटर कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें प्राधिकरण से लगभग 1,25,000 फाइलें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 1,22,000 फाइलें स्कैन करके प्राधिकरण को वापस प्राप्त करा दी गयी हैं। वहीं, प्राधिकरण के रिकाॅर्ड के मुताबिक राईटर कंपनी को 1,45,449 फाइलें उपलब्ध करायी गयी थीं। दोनों के रिकाॅर्ड में भिन्नता मिलने पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने उप सचिव माधवेश कुमार को निर्देशित किया कि प्राधिकरण द्वारा कंपनी को दी गयी फाइलों का पावती सहित पूर्ण विवरण तैयार करा लिया जाए। इसी तरह राईटर कंपनी ने जो फाइलें प्राधिकरण को दी हैं, उनका पावती सहित सम्पूर्ण विवरण दो दिन में उपलब्ध कराया जाए, जिसके बाद फाइलों के मिलान की कार्यवाही पूरी की जाए। उपाध्यक्ष ने कहा कि राईटर कंपनी द्वारा उपलब्ध करायी गयी फाइलों को मिलान कराते हुए सुनियोजित तरीके से संरक्षित किया जाना है। इसके लिए उन्होंने राईटर कंपनी को अपने दो-दो कम्पयूटर आपरेटर गोमती नगर और लालबाग स्थित रिकाॅर्ड अनुभाग में बारकोड रीडर समेत तैनात करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि रिकाॅर्ड अनुभाग में फाइलों के कम्पयूटरीकरण व संरक्षण की कार्यवाही की वीडियोग्राफी करायी जाए तथा सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जाएं।
उपाध्यक्ष ने कहा कि नजूल और ट्रस्ट अनुभाग की पत्रावलियां काफी पुरानी हैं, जिनमें दीमक आदि लगने का खतरा रहता है। इसलिए नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल की कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। इसके अतिरिक्त लालबाग कार्यालय के रिकाॅर्ड अनुभाग में बड़े स्तर पर फाइलों को व्यवस्थित करने का कार्य किया जाना है। इसके लिए वहां 15 दिनों के लिए 10 लिपिक एवं 10 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा गोमती नगर स्थित कार्यालय के रिकाॅर्ड अनुभाग में 7 लिपिक व 7 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सम्बद्ध किया जाए।
बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, प्रोग्रामर एनालिस्ट राघवेन्द्र मिश्रा, विशेष कार्याधिकारी अरूण कुमार सिंह, रामशंकर, डी0के0 सिंह, देवांश त्रिवेदी, नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, तहसीलदार विवेक शुक्ला एवं शशिभूषण पाठक तथा उप सचिव माधवेश कुमार समेत अन्य सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।








