गोमती रिवर फ्रंट का होगा ज्वाइंट सर्वे, शुरू होंगे विकास व सौंदर्यीकरण के काम

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गोमती रिवर फ्रंट के कायाकल्प के सम्बंध में मंगलवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया सिंचाई विभाग के अधिकारी इसी सप्ताह प्राधिकरण की टीम के साथ रिवर फ्रंट का ज्वाइंट सर्वे करके एन0ओ0सी0 जारी करने की कार्यवाही पूर्ण कर लें, जिससे कि नदी किनारे विकास व सौंदर्यीकरण के कार्य शुरू कराये जा सके।

 

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सिंचाई एवं जल संस्थान अनुभाग द्वारा गोमती रिवर फ्रंट चैनलाईजेंशन परियोजना के औद्यानिक विकास एवं अनुरक्षण कार्य हेतु उपलब्ध कराई गयी धनराशि के व्यय होने के उपरान्त औद्यानिक विकास व अनुरक्षण, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था संचालन हेतु पीपीपी मोड पर किये जाने का प्रस्ताव बोर्ड द्वारा पास किया गया है। इससे सम्बंधित कार्यों के लिए प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में अधिकारियों की कमेटी गठित की गयी है।

 

आज बैठक के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह इसी सप्ताह प्राधिकरण की टीम के साथ रिवर फ्रंट का ज्वाइंट सर्वे कर लें। इसमें सम्बंधित स्थलों की वीडियोग्राफी तथा फोटोग्राफी कराते हुए रिकाॅर्ड तैयार कर लिया जाए, जिसके बाद एनओसी देने की कार्यवाही अविलम्ब पूरी की जाए। उपाध्यक्ष ने बताया कि गोमती रिवर फ्रंट के लिए बैंक में अलग खाता खोला जाएगा। भविष्य में यहां पीपीपी मोड पर संचालित होने वाली गतिविधियों से होने वाली आय तथा अनुरक्षण में होने वाले व्यय का हिसाब इसी खाते से किया जाएगा।

 

बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा व अधिशासी अभियंता मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage