#LDA में हुआ वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन

लखनऊ विकास प्राधिकरण में 24 नवम्बर 2022 को वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने स्वयं उपस्थित होकर जन सामान्य की समस्याओं को सुना और इनके समयबद्ध निस्तारण के सम्बंध अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि अगली बार से इस विशेष कैम्प में आने वाले वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर की भी व्यवस्था करायी जाए।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार आकर विभिन्न पटलों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें मानसिक एवं शारीरिक परेशानी होती है। इसके लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ बृहस्पतिवार को इस विशेष शिविर की व्यवस्था की गई है। आज शिविर के दौरान निशातगंज की बाल्दा कालोनी निवासी सितारा श्रीवास्तव द्वारा अवैध निर्माण के सम्बंध में शिकायत की गयी, जिसमें तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। इसके अलावा निरालानगर निवासी गीता देवी ने जानकीपुरम के सेक्टर-एच स्थित भूखण्ड के फ्री-होल्ड के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें 15 दिवस के अंदर कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं। वहीं, अलीगंज स्थित चन्द्रलोक कालोनी निवासी सतीश चन्द्र अग्निहोत्री द्वारा मानचित्र स्वीकृत कराने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर सम्बंधित अधिकारियों को स्थल व अभिलेखों का परीक्षण करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए हैं।
इसके अतिरिक्त माल एवेन्यू स्थित एम्पायर स्टेट रेजिडेंसी सोसाइटी के सचिव डी0के0 श्रीवास्तव द्वारा अपार्टमेंट में मासिक अनुरक्षण शुल्क जमा न करने वाले आवंटियों की सूची के साथ प्रार्थना पत्र दिया गया कि अपार्टमेंट एक्ट 2010 के अंतर्गत प्राधिकरण स्तर से बकायेदारों से अनुरक्षण शुल्क की वसूली करायी जाए। उक्त प्रकरण में उप सचिव को 15 दिन के अंदर नियमानुसार नोटिस जारी करके कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए हैं। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शिविर मेें कुल 10 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष प्रकरणों के निस्तारण के सम्बंध में समय सीमा निर्धारित करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है।
शिविर में विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर, अरूण कुमार सिंह, नजूल अधिकारी अरविंद कुमार त्रिपाठी, उप सचिव माधवेश कुमार, तहसीलदार शशिभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








