पांच दिन से ज्यादा रोकी फाइल तो तय होगी सम्बंधित कर्मी की जवाबदेहीः #LDA VC

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सम्पत्तियों के निस्तारण के सम्बंध में समस्त अनुभाग अधिकारी व योजना सहायकों के साथ की बैठक

सभी अनुभागों में साफ-सफाई व फाइलों के रख-रखाव के सम्बंध में दिये निर्देश, उपाध्यक्ष ने कहा कि औचक निरीक्षण में मिली खामी तो सम्बंधित के खिलाफ होगी कार्यवाही

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सम्पत्तियों के निस्तारण के सम्बंध में गुरूवार को समस्त अनुभाग अधिकारी व योजना सहायकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी योजना सहायक व अनुभाग अधिकारी पांच दिन से ज्यादा समय तक फाइल नहीं रोकेगा, अन्यथा सम्बंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। उन्होंने सभी अनुभागों में साफ-सफाई व फाइलों के रख-रखाव के सम्बंध में निर्देश देते हुए कहा कि उनके द्वारा स्वयं औचक निरीक्षण करके स्थिति का जायजा लिया जाएगा तथा खामी मिलने पर सम्बंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

 

बैठक में उपाध्यक्ष ने कहा कि जिन पत्रावलियों में कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है तथा वर्तमान में प्रचलित नहीं है, ऐसी पत्रावलियों को रिकार्ड में जमा कराया जाए। इसके साथ ही जो पत्रावलियां रिकार्ड में उपलब्ध नहीं है, उनकी सूची 30 नवम्बर तक उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की तरह यहां भी रिकार्ड रूम में योजनावार फाइलों का रंगीन बस्ता बनाया जाए तथा प्रत्येक योजना के मास्टर रजिस्टर बनाए जाएं। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष द्वारा समायोजन से सम्बन्धित ऐसे प्रकरण जिनकी रजिस्ट्री हो गई तथा ऐसे प्रकरण जिनकी रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है, की सूची एक सप्ताह में उपलब्ध कराने तथा ऐसे प्रकरणों में आवेदक को विकल्प देते हुए पत्र प्रेषित किये जाने के सम्बंध में निर्देशित किया गया। उन्होंने पत्रावलियों के निस्तरण के सम्बंध में निर्देशित किया कि 03 दिन के अन्दर सम्बन्धित योजना सहायक, 02 दिन के अन्दर अनुभाग अधिकारी तथा 02 दिन के अन्दर अन्य उच्च अधिकारी को पत्रावली निस्तारित करनी होगी।

 

इसके अलावा उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि संपत्तियों के मिलान के लिए नियोजन विभाग द्वारा ले-आउट की प्रति समस्त लिपिकों को योजना वार उपलब्ध करा दी जाए।

 

बैठक के अंत में उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि योजना सहायकों के कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आर0सी0यू0ई0एस0 के माध्यम से सभी को प्रशिक्षण दिलवाया जाए। बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, प्रभारी अधिष्ठान देवांश त्रिवेदी व उप सचिव माधवेश कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage