#LDA इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, एल्डिको झील एवं गोमती नगर विस्तार क्षेत्र का किया निरीक्षण

बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में स्थित सीताकुण्ड के पूरे क्षेत्र में इंटरलाॅकिंग टाइल्स लगाने के दिये निर्देश, प्रांगण में स्थित पुरानी बुर्जी की मरम्मत कराके किया जाएगा संरक्षित
एल्डिको झील के सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द होगा पूरा, उपाध्यक्ष ने झील के एक हिस्से को प्राकृतिक रूप में संवारने के दिये निर्देश
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, एल्डिको झील एवं गोमती नगर विस्तार स्थित पलासियो माॅल के पास पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खामियों को चिन्हित करके अधिकारियों को विकास व सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश दिये।
अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा सर्वप्रथम बुद्धेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहारों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ हो जाती है। इसके मद्देनजर सीताकुण्ड मंदिर परिसर की ओर पूरे क्षेत्र में इण्टरलॉकिंग टाइल्स लगायी जाए तथा अवशेष भाग में ग्रीनरी करते हुए विकसित किया जाए।
वहीं, सीताकुण्ड के एक ओर बनी पुरानी बुर्जी की मरम्मत कराते हुए इसे संरक्षित किया जाए। उन्होंने सीतापुर बाईपास की ओर स्थित बाउण्ड्री पर ग्रिल लगवाकर इसकी ऊंचाई बढ़ाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण में पाया गया कि सीताकुण्ड पर स्थित बुर्जी के साथ बनी पुरानी सीढ़ियों के बीच ऊंचाई काफी ज्यादा है, जिसके कारण श्रद्धालुओं को चढ़ने व उतरने में परेशानी के साथ ही दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। इस पर उपाध्यक्ष ने सीढ़ियों की मरम्मत कराकर स्टेप्स के बीच की ऊंचाई को कम करने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने कहा कि सीताकुण्ड में पानी की व्यवस्था के लिए एक ट्यूबवेल बनाया जाए, साथ ही बरसात के पानी को एकत्रित करते हुए कुण्ड से जोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए।

बुद्धेश्वर महादेव को चढ़ने वाला जल एवं दूध इत्यादि सीधा कुण्ड में जाता है, उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि इसे पहले किसी चैम्बर में एकत्रित करते हुए ओवर फ्लो कुण्ड से जोड़ा जाए। इसी तरह मंदिर से निकलने वाली पूजा सामग्री तथा फूल-पत्ते इत्यादि को एकत्र करने के लिए समुचित व्यवस्था बनायी जाए। इस मौके पर उपाध्यक्ष ने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया।
एल्डिको झील के एक हिस्से को प्राकृतिक रूप में संवारने के निर्देश
इसके बाद उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा एल्डिको फेज-2 में स्थित झील का निरीक्षण करके वहां संचालित कार्यों की समीक्षा की गयी। इस मौके पर अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला और सहायक अभियंता अजय गोयल द्वारा अवगत कराया गया कि झील का कार्य 6 पार्ट में किया जा रहा है, जिसमें स्टोन पिचिंग समेत अन्य कार्य कराये जा रहे हैं। निरीक्षण में पाया गया कि पांच हिस्सों का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
इस पर उपाध्यक्ष ने अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने कहा कि झील के एक हिस्से में स्टोन पिचिंग के स्थान पर वहां पाथ-वे बनाकर औद्यानिकीकरण का कार्य कराया जाए और इसे प्राकृतिक रूप में संवारा जाए। निरीक्षण में कुछ जगहों पर बाउंड्रीवाॅल टूटी मिली, जिसे उपाध्यक्ष ने जल्द से जल्द मरम्मत कराकर ठीक कराने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने गोमती नगर विस्तार स्थित पलासियो माॅल के पीछे पार्किंग के स्थान का निरीक्षण किया। वहां बरसात के कारण कीचड़ और कुछ जगहों पर मिट्टी बैठ गयी थी। इस पर उपाध्यक्ष ने वहां रोलर चलाकर जमीन को समतल कराने के निर्देश दिये। इस अतिरिक्त उन्होंने इकाना स्टेडियम के पीछे प्रस्तावित 45 मीटर मास्टर प्लान रोड के सम्बंध में अर्जन की बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिये।

मौके पर अधिशासी अभियंता जोन-1 अवनीन्द्र सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








