खरगापुर में अवैध प्लाटिंग पर चला #LDA का बुलडोज़र

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों/अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में सोमवार को खरगापुर में अभियान चलाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि टी0सी0 मनराल द्वारा खरगापुर के गडरियन पुरवा में गंगोत्री विहार फेज-2 नाम से अवैध कालोनी विकसित करते हुए प्लाटिंग की गयी थी। इसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं में वाद संख्या-374/2018 योजित किया गया था, जिसमें विहित प्राधिकारी द्वारा दिनांक-06.03.2022 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे। जिसके बाद विपक्षी द्वारा मंडलायुक्त न्यायालय में अपील दाखिल की गयी थी, जिसे मंडलायुक्त महोदया के आदेशानुसार खारिज कर दिया गया।
इसके अनुपालन में प्रवर्तन जोन-1 के सहायक अभियंता सुनील कुमार जैन के नेतृत्व में अवर अभियंता विपिन बिहारी राय, सुरेन्द्र द्विवेदी व ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा गोमती नगर विस्तार थाने के पुलिस बल के सहयोग से उक्त स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि लगभग 20 से 25 बीघा क्षेत्रफल में यह अवैध प्लाटिंग की गयी थी। कार्यवाही के दौरान वहां बनी बाउंड्रीवाल व कॉलम इत्यादि को ज़मीदोज़ कर दिया गया।









