एकेटीयू के स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे प्राविधिक शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव भी रहेंगे मौजूद

डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस 26 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा, इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गयी। कार्यक्रम के पहले सोमवार को कुलपति प्रो0 प्रदीप कुमार मिश्र ने तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों संग बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिये।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र शामिल होंगे। साथ ही इस मौके पर प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा भी रहेंगे।
कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में शाम साढ़े चार बजे मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र बतौर मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान वह विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण करने के साथ ही वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद उनके समक्ष अब तक के विश्वविद्यालय की यात्रा को समेटे एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, दूसरा चरण का कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू होगा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल होंगे। मुख्य अतिथि परिसर में वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद उनके समक्ष भी विश्वविद्यालय पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर माननीय मंत्री एनबीए, एनआईआरएफ-22 की रैंकिंग और नैक ग्रेडिंग प्राप्त करने वाले संबद्ध संस्थानों का सम्मान करेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।








