#LDA द्वारा भूजल जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संगोष्ठी का आयोजन

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा भूजल जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत गुरूवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हाॅल में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग, उत्तर प्रदेश नितिन रमेश गोकर्ण बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री नितिन रमेश गोकर्ण ने कहा कि विकास प्राधिकरण द्वारा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ बैठक करके जल संरक्षण के लो-काॅस्ट विकल्प पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘पर्यावरण मित्र’ का चिन्ह डिजाइन कराया जाए, जिसे इस क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को देकर सम्मानित किया जाए।

 

‘जन-जन तक जल पहुंचाना है, जल संरक्षण अपनाना है’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवलित करके की गयी, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त आई0पी0एस एवं जल गुरू महेन्द्र मोदी ने लोगों को जल संरक्षण व जल संचयन के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी। इस क्रम में उनके द्वारा आठ माॅडल पीपीटी द्वारा प्रस्तुत किये गए। उन्होंने बताया कि यह सभी माॅडल ग्लोबल वाॅर्मिंग/जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर बनाये गए हैं। ये माॅडल कार्यरत हैं और प्रदूषण रहित होने के साथ ही आम जनता के अनुकूल हैं। उन्होंने आगे कहा कि पूरे उत्तर भारत में जल स्तर तेजी से गिर रहा है, हमें उससे दुगनी तेजी से वर्षा जल का संचयन करना होगा। मुख्य वक्ता द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित शहर के प्रमुख आर्किटेक्ट एवं इंजीनियरिंग काॅलेज के छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब भी दिया गया।

इस मौके पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने जल संरक्षण एवं ग्राउंड वाॅटर हार्वेस्टिंग के प्रावधानों को मूर्त रूप देने के लिए जन सहयोग एवं जनसहभागिता की आवश्यकता को महत्व दिया है। इसके लिए हर जन को जागरूक करना जरूरी है, ताकि धरती की गोद जल से सूनी न हो। उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श करके रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग के लो-काॅस्ट माॅडल पर काम किया जाएगा, जिसकी शुरूआत गोमती नगर विस्तार के सरयु अपार्टमेंट से की जाएगी। जिसके बाद गोमतीनगर के एक खण्ड को चिन्हित करते हुए वहां भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य कराया जायेगा।

कार्यक्रम में लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार, मुख्य अभियंता अवधेश कुमार तिवारी, सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर, कृषि आनंद त्रिपाठी व सीमा मोदी की सक्रिय व सार्थक भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button
btnimage