विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं : मंत्री जयवीर सिंह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा आगामी 100 दिनों के लिए निर्धारित किये गये लक्ष्य के अन्तर्गत 182.86 करोड़ रूपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया जायेगा। प्रदेश में अव्यस्थापना सुविधा के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में पर्यटकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाना है। इसी क्रम में वाराणसी, कुशीनगर, मथुरा, आगरा एवं जनपद सिदार्थनगर में प्रस्तावित विकास योजनाओं को पूरा कराया जायेगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जनपद वाराणसी में सारनाथ का समेकित पर्यटन विकास के लिए 72.63 करोड़ रूपये की परियोजना का शिलान्यास किया जायेगा। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। इसी प्रकार जनपद कुशीनगर में 16.83 करोड़ रूपये की परियोजना का कार्य गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जायेगा।
जयवीर सिंह ने यह भी बताया कि जनपद मथुरा में ब्रजक्षेत्र का समेकित पर्यटन विकास का कार्य 71.05 करोड़ रूपये की लागत से मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा तथा जनपद आगरा में 10.80 करोड़ रुपये की लागत से आर्टिजन सेन्टर का निर्माण आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा कराये जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा जनपद सिदार्थनगर के कपिलवस्तु (पिपरहवा) में 11.55 करोड़ रुपये की लागत से डारमेट्री हॉल, पर्यटक सूचना केन्द्र तथा कुटीर का पुनर्निमाण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन प्रा0 लि0 से कराया जायेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की असीम संभावनाये है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्ष 2017 में सत्ता में आने के बाद से पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटन करने के साथ ही बजट में भी बढोंत्तरी की गयी है। जिसके फलस्वरूप प्रदेश में सैलानियों का आवागमन तेजी से बढ़ा है।








