आदर्श ग्राम पंचायत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं पंचायत सहायक: भूपेन्द्र चौधरी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम पंचायतों को सुदृढ़ बनाने एवं जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं सहज एवं त्वरित गति से पहुंचाने हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक/एकाउण्टेन्ट-कम-डाटा इन्ट्री आपरेटर को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। जिसके क्रम में पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान (प्रिट) द्वारा पंचायत सहायकों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिनांक 27 अक्टूबर, 2021 से प्रारम्भ किया गया है, जो माह दिसम्बर, 2021 तक विभिन्न तिथियों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षण में लगभग 200 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।

पंचायत सहायक/एकाउण्टेन्ट-कम-डाटा इन्ट्री आपरेटरों के दो-दिवसीय प्रशिक्षण के समापन के अवसर पर पंचायतीराज मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने स्वयं उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पंचायत सहायकों से संवाद किया तथा यह भी कहा कि प्रशिक्षण सही ढंग से प्राप्त किया जाये, जिसमें पंचायतों में कार्य करने में सुविधा हो सके। ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को बेहतर ढंग से किया जाये। ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने में पंचायत सहायकों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभायी जाये। उन्होंने पंचायत सहायकों से आवाहन किया कि वे आदर्श ग्राम पंचायत बनाने में एक सहयोगी कार्मिक के रूप में अपने दायित्वों का सम्यक निर्वहन करेंगे।

निदेशक पंचायतीराज अनुज कुमार झा ने भी पंचायत सहायकों को सौंपे गये कार्य एवं दायित्वों का पालन करने के संबंध में विभागीय दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

इस मौके पर संयुक्त निदेशक पंचायतीराज ए0के0शाही, संयुक्त निदेशक (प्रिट) प्रवीणा चौधरी एवं उप निदेशक एस0एन0 सिंह उपस्थित रहे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage