नव चयनित पंचायत सहायकों/एकाउण्टेन्ट-कम-डाटा इन्ट्री आपरेटर का प्रशिक्षण आज से प्रारम्भ

मुख्यमंत्री उ0प्र0 सरकार योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम पंचायतों को सुदृढ़ बनाने एवं जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं सहज एवं त्वरित गति से पहुंचाने हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा लिये गये निर्णय के क्रम में अब तक 28483 पंचायत सहायक/एकाउण्टेन्ट-कम-डाटा इन्ट्री आपरेटर जिनका ग्राम पंचायत द्वारा अनुबन्ध पूर्ण कर लिया गया है का प्रारम्भिक प्रशिक्षण आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी निदेशक पंचायतीराज राजकुमार ने दी है। उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों को सामान्य व तकनीकी प्रशिक्षण पंचायतीराज प्रशिक्षण संस्थान (प्रिट), उ0प्र0 द्वारा प्रदान किया जायेगा। इस प्रशिक्षण में बिल एण्ड मिलिन्डा गेट्स फाउण्डेशन द्वारा वित्त पोषित संस्था सेन्टर फॉर केटेलाइजिंग चेंज (सी3) भी सहयोग दे रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर पंचायतीराज प्रशिक्षण संस्थान (प्रिट), लोहिया भवन, लखनऊ में सर्वप्रथम बरेली, झांसी, आजमगढ़ एवं बस्ती मण्डलों के जनपदों के 3213 पंचायत सहायकों का आवासीय प्रशिक्षण 27 अक्टूबर, 2021 से प्रारम्भ किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन 190 पंचायत सहायक प्रशिक्षण लेंगे।








