मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने धान खरीद की समीक्षा बैठक की

मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में धान खरीद की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने निर्देश दिये कि शासन द्वारा धान खरीद हेतु निर्धारित 4000 क्रय केन्द्रों का जिलाधिकारियों के माध्यम से अनुमोदन कराकर शीघ्र क्रियाशील कराया जाये एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जहाँ खरीद 01 अक्टूबर से प्रारम्भ है, वहाँ प्राथमिकता पर सभी क्रय केन्द्र तत्काल क्रियाशील कराये जायें। उन्होंने कहा कि धान खरीद हेतु इस वर्ष अभी तक कुल 2,59,698 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है, किसान पंजीकरण व सत्यापन में तेजी लायी जाये तथा पंजीयन के सम्बन्ध में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये।
उन्होंने निर्देश दिये कि पश्चिमी उ0प्र0 के उत्पादक जनपदों में धान खरीद में तेजी जायी जाये, ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। प्रदेश में अब तक कुल 253 मिलों का पंजीकरण हुआ है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि मिल पंजीयन में तेजी लायी जाये, विशेषकर पश्चिमी उ0प्र0 के जनपदों में जहाँ खरीद प्रारम्भ है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि क्रय केन्द्रों पर खरीद सम्बन्धी समस्त उपकरणों की व्यवस्थायें तथा किसानों को धान सुखाने की सुविधा एवं उनके बैठने और पेय जल की व्यवस्थायें सभी क्रय केन्द्रों पर पूर्ण करायी जायें।
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद द्वारा बताया गया कि इस वर्ष खाद्य तथा रसद विभाग, पी0सी0एफ0, पी0सी0यू0, यू0पी0एस0एस0, मण्डी परिषद तथा भारतीय खाद्य निगम को क्रय एजेन्सी के रूप में नामित किया गया है। इस वर्ष प्रदेश में 4000 क्रय केन्द्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक विभिन्न क्रय एजेन्सियों के 2947 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश जहाँ 01 अक्टूबर, 2021 से खरीद प्रारम्भ है, वहाँ 1122 क्रय केन्द्र स्थापित होने थे, जिसके सापेक्ष 1116 क्रय केन्द्र स्थापित हो गये हैं। प्रदेश में अब तक 2,59,698 किसानों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया है, जिसमें से 102918 किसानों का पंजीकरण सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जा चुका है। पश्चिमी उ0प्र0 के जनपद पीलीभीत, शाहजहॉपुर, बरेली, बदायूॅ, मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, बिजनौर, खीरी, हरदोई, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली व अलीगढ़ जनपद के क्रय केन्द्रों पर खरीद प्रारम्भ हो गयी है।
बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी मीना, प्रमुख सचिव सहकारिता बी0एल0 मीणा, आयुक्त खाद्य तथा रसद, प्रबन्ध निदेशक, पी0सी0एफ0, पी0सी0यू0, यू0पी0एस0एस0 एवं अपर आयुक्त, खाद्य तथा रसद सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।








