तेजी के साथ चलाया जा रहा है गड्ढामुक्त अभियान, फिर भी प्रदेश गड्ढायुक्त

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद उन्नाव में निराला प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जनपद की रूपये 371 करोड़ लागत की 119 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया ,जिसमें रू0 7 करोड़ 90 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण व रू0 263 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास सम्मिलित हैं।

उन्होंने जनपद में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए रू0 467 करोड़ के नए कार्यों की घोषणा की। उन्होंने कहा जनपद में व प्रदेश में चहुंमुखी व बहुमुखी विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की घोषणा की गई है, उनके निर्माण कार्य भी शीघ्र से शीघ्र प्रारंभ होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण आज किए गए हैं, सम्बन्धित अधिकारी तत्काल संबंधित स्थल पर शिलापट जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लगवायें।

उप मुख्यमंत्री ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि कोरोना संक्रमण के संकट काल के बावजूद भी प्रदेश के समस्त जिलों में समान रूप से बिना किसी भेदभाव के विकास किया जा रहा है तथा सबका साथ-सबका विकास -सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। केंद्र सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न ग्रामीणोन्मुखी विकासोन्मुखी योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अब सीधे लाभार्थियों के खाते में पैसा भेजा जा रहा है और बिचौलिए कहीं भी सक्रिय नहीं है। यह भ्रष्टाचार पर एक बहुत बड़ी चोट है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बहुत बेहतर है और भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से अंकुश लगाया गया है।गरीबों, किसानों ,मजदूरों और सर्व समाज के लोगों को उनके हक पूरी तरह से मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कहा देश की सीमाओं पर भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध है। मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 हटाकर साबित कर दिया है कि देश मे एक विधान-एक निशान रहेगा।

इस अवसर पर सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, विधायक पंकज गुप्ता विधायक अनिल सिंह, विधायक बम्बालाल दिवाकर, विधायक श्रीकांत कटियार, विधायक बृजेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, अवधेश कटियार, आनंद अवस्थी, नीरज गुप्ता राजकिशोर रावत, राधेश्याम रावत, गंगा प्रसाद वर्मा, गिरजा शंकर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage