कानपुर देहात में ट्रक पलटने से 6 मजदूरों और बच्चों की मौत, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक

कानपुर देहात।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कानपुर देहात में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

कानपुर देहात भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में मऊखास गांव के पास इटावा रोड पर सोमवार की रात ट्रक पलटने से छह मजदूरों और बच्चों की मौत हो गई, वहीं पंद्रह से ज्यादा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुखरायां सीएचसी भेजा, जहां से आठ घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल लिया है।
कानपुर देहात समेत आसपास के जनपदों के गांवों में रहने वाले मजदूर परिवार आलू खोदाई का समय आने पर इटावा, फीरोजाबाद, मैनपुर और कन्नौज जाते हैं। आलू खोदाई के लिए बुलाए जाने पर कानपुर देहात के सीमावर्ती हमीरपुर के कलौली तीर गांव और कानपुर घाटमपुर के बरनांव से कई मजदूर परिवार सोमवार को ठेकेदार के साथ सिरसागंज फीरोजाबाद जाने के लिए निकले थे। अपने अपने गांवों से मजदूर परिवार सोमवार की रात टेंपो और ट्रक से भोगनीपुर चौराहे पर पहुंचे थे। यहां पर इटावा की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक-ट्राला को रोका और सिरसागंज तक छोड़ने को कहा। इसपर उसने सभी मजूदरों को ट्रक पर बिठा लिया। कुछ आगे केबिन में बैठ गए और कुछ पुरुष पीछे कोयले के ऊपर बैठ गए।
भोगनीपुर से इटावा राजमार्ग पर मउखास गांव के पास अचानक ट्रक-ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मजदूर परिवारों में चीख पुकार मच गई, वहीं सड़क पर यातायात भी ठहर गया। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के गांव से लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद भोगनीपुर कोतवाली से आई पुलिस ने ट्रक-ट्राला में फंसे सभी गंभीर घायलों को निकलवाकर अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद छह मजदूरों और बच्चों को मृत घोषित कर दिया और अन्य पंद्रह घायलों का उपचार शुरू किया। आठ गंभीर रूप से जख्मी मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसपी केशव कुमार पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि चालक का पता किया जा रहा। जल्द अस्पताल पहुचाने से काफी राहत घायलों को मिली है।
इनकी हुई मौत : दुर्घटना में घाटमपुर के बरनांव निवासी 41 वर्षीय रमेश, 45 वर्षीय पिंकी, 14 वर्षीय चन्दावती तथा हमीरपुर के कलौलीतीर निवासी 42 वर्षीय राधा, उसकी पुत्री 8 वर्षीय कोमल व 4 वर्षीय सूरज की मौत हुई है।
ये हुए गंभीर जख्मी : साजन, रज्जनदेवी, सुमित्रा, विमला, शिवलाल, लालाराम, सुरेंद्र व शिखा समेत पंद्रह लोग जख्मी हुए हैं।








