#CMYogi से #BollywoodSinger #SonuNigam ने मुलाकात की

यूपी सीएम न्यूज़।
सीएम योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास 5 कालिदास पर बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी समेत कई विषयों पर सोनू निगम और मुख्यमंत्री के बीच बातचीत हुई। हालांकि सोनू निगम ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताते हुए मुख्यमंत्री की तारीफ की और खुद को उनका प्रशंसक बताया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सोनू निगम को राम मंदिर शिलान्यास का सिक्का और कुंभ की एक पुस्तक भेंट की।
मीडिया से बातचीत में सोनू निगम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी बहुत ही डायनामिक और दूरदर्शी नेता हैं। अगर ऐसे लोगों का नेतृत्व किसी प्रदेश या देश को मिलता है तो उसकी प्रशंसा की जानी चाहिए. यही वजह थी कि लखनऊ में था तो उनसे मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैंने उनसे सिर्फ यही कहा है कि उनकी सोच इतनी अच्छी है कि उससे सभी को जुड़ना चाहिए। अगर हमारे लिए कोई भी सेवा हो तो हम उसमें सहयोग देने के लिए तैयार हैं। सोनू निगम ने कहा कि रविवार को अपने मित्रों के साथ अयोध्या में रामलला का दर्शन किया था। ये हम लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण है जब हम अपनी आंखों के सामने राम मंदिर निर्माण को देख रहे हैं। इसका सहभागी बनना सौभाग्य का पल था।
सोनू निगम ने आगे बोलते हुए कहा कि मंगलवार को वे वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाएंगे। गौरतलब है कि अयोध्या में रामलला के दरबार लगाने के बाद सोनू निगम ने मंदिर निर्माण में एक ईंट रखने की भी इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वास्तव में यह मेरी ही नहीं समस्त भारतवासियों की इच्छा है कि वह राम मंदिर में अपना योगदान कर सकें।
सोनू निगम ने कहा कि भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या आकर अभिभूत हूं। अयोध्या भारत का हृदय स्थल है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भारत की गरिमा का विषय है, राम मंदिर सभी को जोड़ने का काम करेगा।








