प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुल 20177 सोलर फोटोबोल्टैइक इरिगेशन पम्प की स्थापना सुनिश्चित

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा प्रदेश के जिन क्षेत्रों में सिंचाई के साधन कम है अथवा विद्युत आपूर्ति नहीं है, उन क्षेत्रों में सोलर फोटोबोल्टैइक इरिगेशन पम्प की स्थापना करायी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अब तक कुल 20177 सोलर पम्पों की स्थापना करायी जा चुकी है।
कृषि विभाग से प्राप्त विस्तृत रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2019-20 (क्रियान्वयन वर्ष 2020-21) में पीएम-कुसुम योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष माह नवम्बर 2020 तक 694 सोलर पम्पों की स्थापना करायी जा चुकी है। वर्ष 2018-19 (क्रियान्वयन वर्ष 2019-20) में 10000 स्थापना लक्ष्य के सापेक्ष 9810 सोलर पम्पो की स्थापना करायी गयी है।
इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2017-18 से प्रारम्भ इस योजना के अन्तर्गत 10000 सोलर पम्प स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके सापेक्ष 4043 सोलर पम्प की स्थापना वर्ष 2017-18 में तथा वर्ष 2017-18 (क्रियान्वयन वर्ष 2018-19) में 5630 सोलर पम्पों की स्थापना करायी गयी है।







