मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम का अवलोकन किया

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कोरोना की वैक्सीन विकसित करने के लिए देश के डॉक्टरों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज 16 जनवरी, 2021 से पूरे देश में प्रारम्भ हुए कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के माध्यम से अब इस महामारी पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सकेगा।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान टीका लगा रहे स्वास्थ्य कर्मियों एवं जिन्हें टीका लगाया गया है उनसे फीडबैक भी लिया । सभी लोगों ने मंत्री जी को बताया कि टीका लगाने के उपरांत किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी नहीं महसूस हुई है। टीका का कोई भी साइड इफेक्ट नहीं दिखा है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी लोग कोरोना टीके के सम्बन्ध में फैलाई जा रही अफवाहों से बचें और टीकाकरण के लिए अपनी बारी का इन्तजार करें। इस टीकाकरण अभियान की शुरुआत से और सबके सफल प्रयासों से उत्तर प्रदेश सहित पूरा देश इस महामारी पर विजय प्राप्त करने में सफल होगा।उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की गाइडलाइन्स के अनुरूप प्राथमिकता के अनुसार प्रदेश में वैक्सीनेशन किया जाएगा। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में कोरोना वाॅरियर्स, डाॅक्टर्स, नर्स, पैरामेडिक्स का टीकाकरण होगा। इसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर्स जिनमें पुलिसकर्मी, स्वच्छता कर्मी, राजस्व कर्मी इत्यादि शामिल हैं, का टीकाकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ रजनीश दुबे, निदेशक डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉक्टर ए के सिंह एवं संस्थान के डाॅक्टर व नर्स इत्यादि मौजूद थे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage