उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने जम्मू में प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित किया

जम्मू।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने जम्मू में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया। महाप्रबंधक ने ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना की स्थिति से और जम्मू-कश्मीर के लिए रेलवे के विज़न से मीडिया को अवगत कराया।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने जम्मू के दौरे पर जम्मू में एक प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित किया। मीडिया से बात करते हुए गंगल ने कहा कि ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय रेल लिंक परियोजना के कटरा-बनिहाल सेक्शन के विभिन्न स्थानों पर एक अंतराल के बाद कार्य फिर से शुरू हो गया है। रियासी और रामबन के दो ज़िलों में जहां यह रेल सेक्शन स्थित है, को कोविड रेड जोन में रखे जाने के कारण यहां कार्य रूक गया था। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड महामारी के बावजूद पिछले महीनों में बहुत कार्य किया गया है।
उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर में बेहतर और सुविधाजनक मालभाड़ा व यात्री सुविधाएं प्रदान करने के लिए रेलवे द्वारा बनाई गई विकासात्मक योजनाओं से मीडिया को अवगत कराया। जम्मू क्षेत्र और कश्मीर घाटी में महत्वपूर्ण स्टेशनों की रि-मॉडलिंग और रि-वैम्पिंग के सकारात्मक परिणाम आये हैं इसके चलते इस सुविधा का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या पिछले कई वर्षों में बढ़ गयी है । इस क्षेत्र में और अधिक रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं जिससे देश के किसी भी क्षेत्र से यहां तक पहुँचना सुगम हो गया है।
उन्होंने बताया कि रेलवे अपने मालभाड़ा कार्य निष्पादन को और बेहतर बनाने का लक्ष्य रख रही है। इस उद्देश्य के लिए मंडल स्तरों पर बिजनेस डेवलपमेंट यूनिटें गठित की गयी हैं। हम इस क्षेत्र में मालभाड़ा के सुगम परिचालन के लिए मालगोदमों और लदान स्थलों की संख्या बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
मीडिया के सवालों के जबाब देते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे इस हिमालयी क्षेत्र में हर मौसम में उपलब्ध रहने वाला विश्वसनीय यातायात माध्यम उपलब्ध कराने व लोगों की सुविधा हेतु इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।








