मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना में कार्यरत नायक गोपाल बाबू की शहादत पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

लखनऊ (23 सितम्बर, 2020)।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कन्नौज निवासी भारतीय सेना में कार्यरत नायक गोपाल बाबू की शहादत पर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। ज्ञातव्य है कि स्व0 गोपाल बाबू पूर्वी लद्दाख में तैनात थे।
मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा जनपद की एक सड़क का नामकरण गोपाल बाबू के नाम पर करने की भी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने स्व0 गोपाल बाबू के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। प्रदेश सरकार द्वारा शहीद के परिवार को हर सम्भव मदद प्रदान की जायेगी।








