उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले जनता की समस्याओं का त्वरित निदान किया जाए

लखनऊ (01 जुलाई, 2019)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 7-कालीदास मार्ग स्थित अपने आवास पर प्रदेश के दूरदराज जिलों से आए विभिन्न लोगो की समस्याओं को उनसे सीधे रूबरू होकर गम्भीरता पूर्वक सुना और कतिपय मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन करके समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जोर देते हुये कहा कि निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि किसी समस्याग्रस्त व्यक्ति को दुबारा उस समस्या के निदान हेतु परेशान न होना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण मे किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता किसी भी दशा मे क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनता दर्शन कार्यक्रम मे उप मुख्यमंत्री के आवास पर काफी लोग आये, जिनमें जमीनी विवाद, कब्जा, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, फर्जी बैनामा, नहर में पानी न पहुंचना, बिजली आपूर्ति, चिकित्सीय सहायता आदि से सम्बंधित समस्याएं रही। कई प्रत्यावेदकों ने लिंक रोड व सड़क बनवाये जाने का भी अनुरोध किया। जिस पर उप मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं के सकारात्मक और सार्थक सामाधान का आश्वासन दिया और यह भी कहा कि जिन लोगों जायज मांगे हैं उनको भी पूरा किया जायेगा। जनता दरबार में मैनपुरी, आगरा, जौनपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोण्डा, मिर्जापुर, हमीरपुर, हरदोई, औरैया, बरेली, मऊ, बलिया आदि जनपदो के लोगों ने अपने समस्याएं रखी। इस दौरान कई जनप्रतिनिधियो, विधायक आदि ने भी उप मुख्यमंत्री से मिलकर जनहित से सम्बन्धित मामले रखे। उप मुख्यमंत्री ने सभी को विश्वास दिलाया कि लोगो की समस्याओं का समुचित समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।






