UPCM ने देवरिया में शहीद विजय कुमार मौर्य के परिजनों से भेंट की
देवरिया (18 फरवरी, 2019)। UPCM ने जनपद देवरिया स्थित ग्राम छपिया जयदेव पहुंचकर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी, 2019 को हुए आतंकी हमले में शहीद विजय कुमार मौर्य के परिजनों से भेंट की। UPCM ने शहीद विजय कुमार मौर्य के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीद विजय कुमार मौर्य के परिजनों को सांत्वना देते हुए UPCM ने कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। शहीद के परिजनों की हर सम्भव मदद की जाएगी। देश की रक्षा के लिये अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत माता के वीर सपूत विजय कुमार मौर्य को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के वीरों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। भारत सरकार शीघ्र ही निर्णय लेकर कार्रवाई करेगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पशुधन एवं मत्स्य राज्य मंत्री जय प्रताप निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।