UPCM NEWS, PM मोदी ने वाराणसी में अन्तर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान का उद्घाटन किया

वाराणसी (29 दिसम्बर, 2018)।
UPCM NEWS, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनपद वाराणसी में अन्तर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI SARC) का उद्घाटन किया। धान के सम्बन्ध में यह अनुसंधान संस्थान उत्तर प्रदेश व सम्पूर्ण भारत सहित अन्य दक्षिण एशियाई एवं अफ्रीका में धान उगाने वाले देशों की राष्ट्रीय अनुसंधान क्षमता को मजबूत करेगा। साथ ही, फसल उत्पादन, बीज की गुणवत्ता और चावल के पोषण मूल्य में सुधार, किसानों की जानकारी और आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय भागीदारों के साथ भी काम करेगा।

प्रधानमंत्री ने IRRI दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केन्द्र की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण भी किया और संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत की। उत्तर प्रदेश में IRRI SARC उन्नत अनुसंधान, शिक्षण और सम्बन्धित अन्य सेवाएं प्रदान करेगा। यह भारत और IRRI के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
IRRI के महानिदेशक डॉ. मैथ्यू मोरेल ने बताया कि वैश्विक साझेदारों के समर्थन के माध्यम से इस केंद्र में प्राप्त ज्ञान और नवाचार तेजी से दक्षिण एशिया और पूरे अफ्रीका सहित भारत में किसानों की जरूरतों को पूरा करने का आधार बनेगा। IRRI SARC सुविधाओं में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन राइस वैल्यू एडिशन (CERVA), आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा भी है, जहाँ चावल के अनाज का मूल्यांकन गुणवत्ता और पोषण मूल्य के लिए किया जाता है। साथ ही, अनाज के स्वाद, बनावट और सुगंध के लिए संवेदी मूल्यांकन किया जाता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, UPCM, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद महेन्द्रनाथ पाण्डे, केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, IRRI SARC के प्रतिनिधि सहित सभी सहयोगी संस्थाएं व शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








