UPCM ने पूर्व CM नारायण दत्त तिवारी एवं पूर्व मंत्री पटेल रामकुमार वर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश (18 दिसम्बर, 2018)।
UPCM NEWS, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और UPCM ने विधान सभा में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी एवं पूर्व मंत्री पटेल रामकुमार वर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी के निधन से यह सदन शोकाकुल है। वे एक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे विभिन्न विषयों के विद्वान थे। विदेश नीति में उनकी विशेष जानकारी थी। सदन के सभी सदस्यों के साथ उनकी आत्मीयता थी। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि स्व. पटेल एक लोकप्रिय कार्यकर्ता थे। उनके निधन से सदन को अपूरणीय क्षति हुई है।
UPCM ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि N.D. तिवारी ने प्रदेश के विकास और समृद्धि के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने उत्तराखण्ड के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। N.D. तिवारी द्वारा इन राज्यों में अनेक कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया, जिससे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हुए। विकास पुरुष के रूप में उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

UPCM ने कहा कि N.D. तिवारी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी विशिष्ट कार्यशैली का परिचय दिया। सौम्य और मृदुभाषी N.D. तिवारी एक कुशल प्रशासक होेने के साथ-साथ संसदीय परम्पराओं के ज्ञाता थे। उन्होंने देश के स्वाधीनता आन्दोलन में सक्रिय भाग लिया। देश व प्रदेश के प्रति की गयी उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा।
UPCM ने कहा कि स्व. पटेल रामकुमार वर्मा एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे। वे अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। समाजसेवा में उनकी गहरी रुचि थी। उन्होंने N.D. तिवारी व स्व. पटेल रामकुमार वर्मा के प्रति अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और N.D. तिवारी और स्व. पटेल रामकुमार वर्मा के परिजनों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की।
समाजवादी पार्टी के नरेन्द्र सिंह वर्मा, बहुजन समाज पार्टी के लालजी वर्मा, कांग्रेस के अजय कुमार ‘लल्लू’, अपना दल के नीलरतन सिंह पटेल ‘नीलू’, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी और पूर्व मंत्री पटेल रामकुमार वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से अपने-अपने दलों की भावनाओं से स्व. N.D. तिवारी और स्व. पटेल रामकुमार वर्मा के परिजनों को अवगत कराने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर सदन के सभी सदस्यों ने दिवंगत नेताओं की स्मृति में खड़े होकर कुछ समय मौन धारण किया।








