UPCM और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने NHAI सड़कों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने शास्त्री भवन में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी के साथ NHAI की सड़कों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सम्बोधित किया। उन्होंने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री का स्वागत और प्रदेश के लिए उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

UPCM ने कहा है कि राज्य सरकार NHAI से सम्बन्धित सड़कों के निर्माण और प्रयाग कुम्भ-2019 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं एवं आगन्तुकों की सुविधा के लिए प्रयागराज से जुड़ी सड़कों की मरम्मत व निर्माण में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि विकास गतिविधियों और सरकारी योजनाओं का लाभ दूर-दराज के क्षेत्रों में पहुंचाने के लिए अच्छी सड़कें आवश्यक हैं। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार केन्द्र के साथ मिलकर मजबूत, टिकाऊ व गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए कृतसंकल्पित है।

UPCM और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री NHAI सड़कों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक करते हुए
UPCM और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री NHAI सड़कों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक करते हुए

UPCM ने बैठक के दौरान लखनऊ से इलाहाबाद, अयोध्या से इलाहाबाद, इलाहाबाद से चित्रकूट, मिर्जापुर से इलाहाबाद और वाराणसी से इलाहाबाद की सड़कों के कार्याें में तेजी लाए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रयाग कुम्भ के दृष्टिगत करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इसके लिए समयबद्ध ढंग से अच्छी सड़कों का निर्माण तेजी से किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़कों की गुणवत्ता ठीक नहीं है, उन स्थानों पर भी तेजी से मरम्मत करते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य किया जाए।

UPCM ने रुदौली से नेपाल बाॅर्डर, गोरखपुर से वाराणसी, लखनऊ से सीतापुर, सहारनपुर से देहरादून, मेरठ से बिजनौर आदि की सड़कों के सुधार कार्याें में तेजी लाए जाने का भी अनुरोध किया। इस पर केन्द्रीय मंत्री ने अधिकारियों को सड़क निर्माण व सुधार कार्याें में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि NHAI गुणवत्तापूर्ण सड़कों के त्वरित निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। कुछ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण सम्बन्धी समस्याएं हैं, जिन्हें दूर किए जाने से सड़क निर्माण सम्बन्धी कार्याें में और तेजी आएगी।

UPCM ने कहा कि नई तकनीक और विकास परियोजनाओं में शीघ्रता लाकर प्रगति और समृद्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से सम्बन्धित प्रकरणों को शीघ्रता से हल किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गाें के निर्माण के सम्बन्ध में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए तेजी से कार्य करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 80 परियोजनाओं पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत का कार्य किया जा रहा है। लखनऊ रिंग रोड का निर्माण 4,500 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। लखनऊ में ही 3 फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि प्रयाग कुम्भ-2019 से पहले गंगा नदी पर वाराणसी से इलाहाबाद के बीच में जल परिवहन आरम्भ हो जाएगा। कुम्भ के मद्देनजर इलाहाबाद में अन्य विकास परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। गंगा नदी पर फाफामऊ में एक और सेतु का निर्माण किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण, प्रमुख सचिव राजस्व सुरेश चन्द्रा सहित केन्द्र व राज्य सरकार के सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage