प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद अयोध्या हेतु 8.78 लाख रू. अवमुक्त

उत्तर प्रदेश सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पूर्ववर्ती एम.एस.डी.पी.) के अन्तर्गत जनपद अयोध्या के विकास खण्ड-फैजाबाद के साहबगंज, लालबाग तथा धारा में प्राइमरी स्कूल के नवीन भवन के निर्माण कार्य हेतु द्वितीय किश्त के रूप में 8.78 लाख रूपये अवमुक्त किये हैं। अवमुक्त की गयी धनराशि निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को उपलब्ध करा दी गयी है।
इस सम्बन्ध में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग नें आवश्यक आदेश जारी कर दिये हैं। आदेशानुसार अवमुक्त की गयी धनराशि के आहरण एवं व्यय के पूर्व यह सुनिश्चित किया जायेगा कि पूर्व निर्गत किया गया राज्यांश कोषागार से आहरित नहीं किया गया है। योजनान्तर्गत केन्द्रांश उपलब्ध है यह सुनिश्चित किये जाने के उपरांत ही धनराशि का कोषागार से आहरण किया जायेगा। योजना पर राज्य सरकार एवं भारत सरकार के सक्षम स्तर का अनुमोदन प्राप्त है, यह सुनिश्चित किया जायेगा। परियोजना हेतु स्वीकृत धनराशि के व्यय में वित्तीय नियमों का पालन किया जायेगा तथा केन्द्र सरकार द्वारा इस वित्त पोषित योजना के सम्बन्ध में लगायी गयी शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा।








