पक्के आवास में रहने का सपना देखने वाले 528 पात्रों को आवास बनाने को मिलेंगे आठ करोड़ रुपये

ब्यूरो चीफ राघवेन्द्र पाठक।
अंबेडकरनगर। अपने खुद के पक्के आवास में रहने का सपना देखने वाले 528 पात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दीपावली से पहले उनके खाते में प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत दूसरी किस्त की राशि भेज दी जाएगी। डेढ़ लाख रुपये की दर से सात करोड़ 92 लाख रुपये की राशि खाते में जल्द आने से आवास के निर्माण में तेजी आएगी।शहरी क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोरों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए संचालित प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत 13 हजार 753 पात्रों का चयन किया गया था।
पात्रता सूची में नाम आने से पक्के आवास में रहने का सपना देख रहे पात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। योजना का लाभ दिलाने के लिए 13 हजार 624 पात्रों के खाते में प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की राशि पहुंच गई थी।निर्देशित किया गया था कि द्वितीय किस्त की राशि के लिए उन्हें प्रथम किस्त का उपभोग प्रमाणपत्र जल्द से जल्द डूडा कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। किस्त का लाभ लेने वाले 12 हजार 437 पात्रों ने उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया।
इस पर उनके खाते में डेढ़ लाख रुपये की दर से द्वितीय किस्त की भी राशि भेज दी गई थी। 1187 लाभार्थी ऐसे थे जिन्होंने प्राप्त प्रथम किस्त की राशि का उपभोग प्रमाणपत्र नहीं उपलब्ध कराया था। बीते दिनों ही 528 लाभार्थियों ने उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया।जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय के अनुसार जिन 528 लाभार्थियों ने प्राप्त प्रथम किस्त की राशि का उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया है, उनके खाते में डेढ़ लाख रुपये की दर से सात करोड़ 92 लाख रुपये की राशि खाते में जल्द भेजी जाएगी।
इसमें अकबरपुर नगर पालिका के 386, टांडा के 81, जलालपुर के छह, इल्तिफातगंज के दो व किछौछा के 53 लाभार्थी शामिल हैं। यह राशि दीपावली से पहले भेज दी जाएगी। उधर, प्रभारी डूडा अधिकारी मोहनलाल गुप्ता ने बताया कि शीघ्र ही संबंधित पात्रों के खाते में द्वितीय किस्त की राशि भेज दी जाएगी।








