रक्षाबंधन पर UPSRTC की बसों में महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क यात्रा की सुविधा : UPCM Yogi

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यां, पर्व और त्योहारों के सौहार्दपूर्ण आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की
 
प्रदेश में आगामी दिनों में पर्व-त्योहार, पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही, प्रत्येक जनपद की पुलिस और स्थानीय प्रशासन को 24×7 अलर्ट रहना होगा : मुख्यमंत्री
 
बाढ़ से सम्बन्धित जनपदों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे जाएं
 
‘काकोरी ट्रेन एक्शन का शताब्दी वर्ष’, ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन विभीषिका दिवस’, ‘स्वाधीनता दिवस‘ कार्यक्रम में जनभागीदारी बढ़ाई जाए

सोशल मीडिया अफवाह फैलाने का माध्यम बन रही, इस पर नजर बनाए रखें, फेक न्यूज का तत्काल तथ्यों के साथ खण्डन किया जाए

अगस्त माह के आखिरी सप्ताह में पुलिस भर्ती परीक्षा प्रस्तावित, यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी शुचिता के साथ सकुशल संपन्न हो

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जोन, मण्डल, रेंज व जनपद स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था तथा लोककल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में बाढ़ की वर्तमान स्थिति में आमजन के राहत एवं बचाव कार्यों को बेहतर करने, पर्व और त्योहारों के सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजन आदि के संबंध में तैयारियों की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में नागपंचमी, श्रावण सोमवार, रक्षाबंधन, चेहल्लुम, जन्माष्टमी और काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ जैसे पर्व-त्योहार हैं। साथ ही, प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा भी आयोजित हो रही है। निश्चित रूप से यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील है। इसके दृष्टिगत प्रत्येक जनपद की पुलिस और स्थानीय प्रशासन को 24×7 अलर्ट रहना होगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक 12 जनपदों में 120 प्रतिशत से अधिक वर्षा हुई है। जबकि 27 जनपदों में सामान्य वर्षा की स्थिति रही है। 80 से 60 प्रतिशत कम वर्षा वाले 18 जनपद हैं। 14 जनपदों में 60 से 40 प्रतिशत अत्यधिक कम वर्षा हुई है। जौनपुर, शामली, फतेहपुर ऐसे जनपद हैं, जहां 40 प्रतिशत से भी कम वर्षा दर्ज की गई है। बलिया, सीतापुर, बांदा, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, प्रयागराज और वाराणसी जनपदों में अभी भी बाढ़ की स्थिति है। सभी सम्बन्धित जनपदों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कहीं भी निर्धारित मात्रा से कम, बासी अथवा खराब गुणवत्ता की सामग्री कतई वितरित नहीं होनी चाहिए। यदि वेंडर द्वारा आपूर्ति में गड़बड़ी की जाती है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 09 अगस्त से ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन का शताब्दी वर्ष’ प्रारम्भ हो रहा है। यह पूरा वर्ष आजादी के नायकों को स्मरण करने के लिए होगा। इसी श्रृंखला में, आगामी 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ जन अभियान आयोजित होना है। इन तीन दिनों में प्रदेश के हर आवास, हर कार्यालय पर हमारा राष्ट्र ध्वज तिरंगा फहराया जाना है। 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ है और 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व ‘स्वाधीनता दिवस‘ है। इस सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। यह सभी कार्यक्रम अपने मूल उद्देश्यों में सफल हों, इसके लिए इसमें जनभागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए। इन कार्यक्रमों से स्कूल, कॉलेज, एन0सी0सी0, एन0एस0एस0 को जोड़ा जाए। यह राष्ट्रीय गौरव बोध का अवसर है। हर आयु-वर्ग के लोगों को इनसे जोड़ा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। आगामी 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा रक्षाबंधन का पावन अवसर है। कतिपय अराजक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाएं। सतर्क व सावधान रहें। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने जाती हैं। इस विशेष अवसर पर 18 अगस्त की रात्रि से 19 अगस्त की रात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस सम्बन्ध में सभी आवश्यक प्रबन्ध समय से कर लिए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान संगठन अथवा अन्य कोई संगठन, यदि लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात कहना चाहते हैं, तो उनकी बात जरूर सुनी जाए। उनकी आशा, अपेक्षा और आशंका का यथोचित निराकरण किया जाए। किन्तु अराजकता फैलाने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। लोकतांत्रिक संगठनों की आड़ में कतिपय राष्ट्र विरोधी संगठन भी माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। पूर्व में ऐसे अनेक अनुभव हुए हैं, जबकि शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने वालों की आड़ में कुछ अराजकतावादी संगठनों की उपस्थिति रही। इनकी पड़ताल करें और पकड़े जाने पर कठोरतम कार्यवाही करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया अफवाह फैलाने का माध्यम बन रही है। इस पर नजर बनाए रखें। तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर, ऐसी सूचनाएं जो समाज में विद्वेष पैदा करें, का प्रसार किया जाता रहा है। सभी जनपदों को अलर्ट रहना होगा। कोई फेक न्यूज हो तो तत्काल तथ्यों के साथ उसका खण्डन किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्त माह के आखिरी सप्ताह में 23, 24, 25 और 30, 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा होनी प्रस्तावित है। यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी शुचिता के साथ सकुशल संपन्न हो, यह सभी की जिम्मेदारी है। इसके दृष्टिगत सभी जनपदों को अलर्ट रहना होगा। वरिष्ठ अधिकारीगण अपने क्षेत्र के हर एक परीक्षा केंद्र की सूक्ष्मता का निरीक्षण कर लें। परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर से आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। उच्च स्तर से दिए जा रहे निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का आवागमन होगा, आवागमन में असुविधा न हो, इसका प्रबंधन समय से कर लिया जाए। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

Related Articles

Back to top button
btnimage