UPCM ने पशुधन विभाग को निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना हेतु धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना हेतु प्रत्येक जिलाधिकारी के निवर्तन पर 50 लाख रुपए से 01 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को यह धनराशि पशुधन विभाग द्वारा उपलब्ध यथाशीघ्र उपलब्ध करायी जाए। जिलाधिकारी इस धनराशि का उपयोग अन्य योजनाओं यथा, मनरेगा, ग्राम पंचायत निधि आदि के साथ डवटेलिंग करते हुए निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों हेतु अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने में करें।
UPCM ने शास्त्री भवन में दुग्ध विकास, पशुधन और गोवंश के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि ललितपुर जनपद की भांति निराश्रित गोवंश स्थलों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। इन पशुओं के भरण-पोषण आदि हेतु आवर्ती व्यय के लिए जन सहयोग प्राप्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि जिला पंचायत तथा क्षेत्र पंचायत के स्तर पर पिंजरापोल, कांजी हाउस आदि की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव क्रियाशील किया जाए।
UPCM ने कहा कि देशी गोवंश के शीघ्र नस्ल सुधार हेतु वर्गीकृत वीर्य के द्वारा कृत्रिम गर्भाधान कराते हुए उन्नत उत्पादकता की बछिया के प्रजनन हेतु योजना का शीघ्र क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में जनपदों में निराश्रित गोवंश की समस्या पाए जाने पर सम्बन्धित जिलाधिकारी, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी उत्तरदायी होंगे।








