UPCM ने कहा प्रदेश के विकास में PM का मार्गदर्शन और केन्द्र सरकार का निरन्तर सहयोग मिल रहा है

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने चीनी उद्योग के लिए 8500 करोड़ रुपये के पैकेज तथा इलाहाबाद के फाफामऊ में गंगा नदी पर 06-लेन के नये पुल के निर्माण के केन्द्रीय मंत्रिमण्डल के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह जानकारी राज्य सरकार के प्रवक्ता ने दी।
UPCM ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में निरन्तर प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार का सहयोग मिल रहा है। केन्द्रीय मंत्रिमण्डल के इन निर्णयों से प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की राह पुख्ता होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है। चीनी उद्योग के लिए घोषित पैकेज से चीनी उद्योग सुदृढ़ होगा तथा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान सम्भव होने से राज्य के गन्ना किसान भी लाभान्वित होंगे।
UPCM ने कहा कि इलाहाबाद में गंगा पर 6 लेन के नये पुल के निर्माण से इलाहाबाद हेतु आवागमन सुगम होगा। प्रयाग में होने वाले महाकुम्भ, कुम्भ तथा माघ मेला के दौरान अधिक से अधिक श्रद्धालुओं का प्रयाग पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे तीर्थाटन, पर्यटन और पवित्र नगरी प्रयाग की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने इलाहाबाद के फाफामाऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग-96 पर गंगा नदी पर 9.9 किलोमीटर लंबे 6 लेन के नए पुल के निर्माण की परियोजना को आज स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना पर 1948.25 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना की निर्माण अवधि तीन साल है और इसके दिसंबर, 2021 तक पूरा होने का अनुमान है। नए पुल से इलाहाबाद में एनएच-96 पर मौजूद 2 लेन के फाफामऊ पुल पर भीड़भाड़ की समस्या दूर होगी। यह 6 लेन का नया पुल मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के माध्यम से और नलिनी ब्रिज होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-76 से लखनऊ-फैजाबाद आने वाले यातायात के लिए फायदेमंद होगा। इसके अलावा नए पुल की इस परियोजना के निर्माण के दौरान 9.20 लाख कार्यदिवसों के बराबर रोजगार पैदा होंगे।








