UPCM Yogi ने आगामी 19 फरवरी को सम्भल में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सम्भल में 19 फरवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऐंचोड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम के प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल तथा हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये।


निरीक्षण के उपरांत आहूत समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम हेतु किए जा रहे प्रबन्धों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगंतुकों एवं संतों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। ऐंचोड़ा कंबोह तक आने वाले सभी मार्गों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जाए। शौचालय और पेयजल आदि की भी समुचित व्यवस्था की जाए। सभी सम्बन्धित विभाग मिशन मोड पर कार्य करें।

इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage