UPCM ने गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर में भारतीय संस्कृति में योग, अध्यात्म और शिक्षा विषय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने योग को लोक कल्याण का माध्यम बताते हुए कहा है कि भारत की योग परम्परा मानवतावादी परम्परा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरी दुनिया के 192 देश योग का प्रदर्शन करेंगे। एक साथ इतने देशों का योग के साथ आगे बढ़ना यह दर्शाता है कि योग संकीर्णताओं से परे है और मानवता को बढ़ावा देता है। उन्होंने सबके जीवन में योग के माध्यम से खुशहाली की शुभकामना देते हुए कहा कि योग का मतलब जीवन में संतुलन लाना है। जिन मार्गों और कार्यों से संतुलन मिल जाए, वही योग है।
UPCM जनपद गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर में भारतीय संस्कृति में योग, अध्यात्म और शिक्षा विषय पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के लिए योग कोई नया नाम नहीं है। यहां इसको कई रूपों में जाना जाता है। भगवान शिव से चली परम्परा को ऋषियों ने आगे बढ़ाया और दुनिया में आज इसका जो महत्व बढ़ा है, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देन है। कई देश योग को आत्मसात कर रहे हैं। आसन और प्राणायाम योग के अंग हैं। उन्होंने कहा कि भारत में हर व्यक्ति योग को स्वीकार करता है, बस इसकी परिभाषा अलग-अलग है। योग से हमें अपने अन्दर की बुराइयों को दूर करने में मदद मिलती है। योग क्रियाओं के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ होता है और जीवन संतुलित रहता है।

इस अवसर पर कटक उड़ीसा से आये महन्त शिवनाथ महाराज ने योग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि योग के क्षेत्र में गुरू गोरखनाथ और महर्षि पतंजलि ने चार योग के बारे में लोगों को बताया था। महन्त शिवनाथ महाराज ने एक-एक योग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष Prof.U.P. सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि योग विद्या को सैद्धान्तिक और व्यावहारिक दृष्टि से पहचान दिलाने में गोरखपुर का काफी योगदान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों से नहीं पूरी होती है। शारीरिक, बौद्धिक, भावात्मक, आध्यात्मिक और मनोवैज्ञानिक-ये शिक्षा के पांच आयाम भी हैं। इनके बारे में भी लोगों को जानकारी देनी चाहिए तभी शिक्षा पूर्ण होती है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अन्य जनप्रतिनिधिगण और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








