UPCM ने गोरखपुर में निर्माणाधीन एम्स और नन्दानगर अण्डरपास का निरीक्षण किया

उत्तर प्रदेश (गोरखपुर)।
UPCM ने अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के अंतिम दिन निर्माणाधीन एम्स और नन्दानगर अण्डरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम कूड़ाघाट जाकर निर्माणाधीन एम्स को देखा। वहां पर उन्होंने हाइट्स कंपनी के अधिकारियों से डिजाइन एवं लेआउट के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
UPCM ने इस अवसर पर थ्री-डी नक्शे के माध्यम से एम्स के स्वरूप की जानकारी ली। उन्होंने वहां पर ध्वस्त हो रही बिल्डिंगों के मलबे को भी शीघ्रता से हटाने का निर्देश दिया। उनके द्वारा हाइट्स कंपनी के अधिकारियों कोे एम्स के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि काम में शीघ्रता लाकर जल्द से जल्द एम्स का निर्माण पूर्ण कराया जाये और मार्च 2019 तक एम्स की ओ.पी.डी. एवं आयुष विंग का निर्माण पूर्ण किया जाए।
इसके उपरान्त UPCM ने नन्दानगर में बन रहे अण्डरपास का भी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति को देखा। इस दौरान वहां पर उपस्थित रेलवे के अधिकारियों द्वारा नन्दानगर में बनाये जा रहे अण्डरपास की डिजाइन के बारे में मुख्यमंत्री जी को विस्तार से जानकारी दी गई। UPCM ने निर्देश दिए कि दिसम्बर 2018 तक अण्डरपास का कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया जाये, जिससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी के. विजयेन्द्र पाण्डियन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर और रेलवे व एम्स के अधिकारी मौजूद रहे।








