ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में एलडीए ने घर-घर जाकर किया सर्वे, निरस्त होगा आवंटन

नेहरू इन्क्लेवः बिना रजिस्ट्री के काबिज आवंटियों को बकाया धनराशि जमा करने का अल्टीमेटम
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर तैयार की गयी बकायेदार आवंटियों की सूची
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में एलडीए की टीम ने घर-घर जाकर किया सर्वे, 15 दिन में धनराशि जमा न करने पर निरस्त होगा आवंटन
गोमती नगर स्थित नेहरू इन्क्लेव के डिफाल्टर आवंटियों को 15 दिन में बकाया धनराशि जमा करनी होगी। आवंटी द्वारा रूपये जमा न करने पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आवंटन निरस्त करके भवन खाली करा लिया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने बुधवार को नेहरू इन्क्लेव का सर्वे करके डिफाल्टर आवंटियों को बकाया धनराशि जमा करने का अल्टीमेटम दिया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार नेहरू इन्क्लेव के ऐसे आवंटियों की सूची तैयार करायी गयी, जिन्होंने अभी तक भवन की रजिस्ट्री नहीं करायी है। ब्योरा खंगालने पर सामने आया कि इसमें 30 ऐसे आवंटी हैं, जिन्होंने भवन के सापेक्ष पूर्ण धनराशि भी जमा नहीं करायी है और भवन में अध्यासित भी हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को सम्पत्ति, प्रवर्तन व अभियंत्रण अनुभाग की संयुक्त टीम द्वारा नेहरू इन्क्लेव में अभियान चलाकर ऐसे आवंटियों को बकाया धनराशि जमा करने का अल्टीमेटम दिया गया।
इस क्रम में टीम ने घर-घर जाकर आवंटियों को सूचित किया कि वे 15 दिन के अंदर बकाया धनराशि जमा कराकर अपने पक्ष में भवनों की रजिस्ट्री करा लें। बकाया धनराशि जमा न कराने पर उनका आवंटन निरस्त करते हुए प्राधिकरण द्वारा भवन का कब्जा ले लिया जाएगा। कार्यवाही में विशेष कार्याधिकारी डी0के0 सिंह एवं प्रिया सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।








