पारा में दो अवैध निर्माण सील, काकोरी में तीसरे दिन चला तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर

निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त किया गया

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने काकोरी में लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने लगभग 46 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। इसके अलावा पारा क्षेत्र में दो अवैध निर्माण सील किये।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि चांद कुरैशी व अन्य द्वारा काकोरी के मौदा, डिगिया में लगभग 06 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया गया था। इसके अलावा मनीष सिंह व अन्य द्वारा काकोरी के समदा में लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए मैप लाइफ सिटी नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी। वहीं, दिनेश यादव व अन्य द्वारा ग्राम-समदा में महावीर हार्डवेयर के पास लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग करते हुए राजधानी इन्क्लेव नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीत कराये बिना की जा रही इन अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

इसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, भरत पाण्डेय व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, बिजली के खम्भे आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

पारा में दो अवैध निर्माण सील 

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मो0 रिजवान व अन्य द्वारा पारा में पाल पैराडाइज के बगल में लगभग 2400 वर्गफिट क्षेत्रफल में 03 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया गया था। इसके अलावा विशेष कुमार पापुलर व अन्य द्वारा पारा में मोहान रोड पर प्रकाश लोक कालोनी में लगभग 1800 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर हॉल व दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीत कराये बिना अवैध रूप से किये जा रहे दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage